बारां , जून 26 -- राजस्थान में सीमावर्ती क्षेत्रों एवं अन्य स्थानों पर मस्जिदों और दरगाहों को तोड़े जाने की घटनाओं के विरोध में बारां में जिला कांग्रेस ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा के नेतृत्व में जिला कलेक्टर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम ज्ञापन सौंपा।

अल्पसंख्यक विभाग के संगठन महासचिव डॉ सिराजुद्दौला खान ने बताया कि हाल ही में बाड़मेर, जयपुर और अन्य स्थानों पर मस्जिदों एवं दरगाहों पर की गयी कार्रवाई से अल्पसंख्यक समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। किसी निर्माण के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई आवश्यक हो तो वह संविधान एवं कानून के अनुरूप निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की जानी चाहिए।

ज्ञापन में मांग की गयी कि कार्रवाई से पहले संबंधित पक्ष को नोटिस दिया जाये, दस्तावेजों की जांच की जाये और सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद ही निर्णय लिया जाये।

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव धर्मराज मेहरा, प्रदेश समन्वयक नासिर मिर्जा, प्रदेश सचिव महमूद देशवाली सहित जिला, ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस तथा अल्पसंख्यक विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित