सुपौल , सितंबर 30 -- बिहार के सुपौल में जिला स्तरीय वार्षिक विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026 का बुधवार को मशाल यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ।
समाहरणालय परिसर से निकली मशाल यात्रा डिग्री कॉलेज होते हुए बीएसएस कॉलेज पहुंची, जहां जिलाधिकारी सावन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
स्काउट एंड गाइड के बैंड की धुन के बीच खेल पदाधिकारी मुकेश कुमार, वरीय उप समाहर्ता विकास कुमार कर्ण, विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी दीपक कुमार, डीपीएम जीविका सहित अन्य पदाधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं ने मशाल यात्रा में भाग लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
खेल पदाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिताएं बीएसएस कॉलेज, नया पुलिस लाइन और मल्टीपर्पस इंडोर हॉल में आयोजित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित