प्रतापगढ़ , जुलाई 17 -- उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले की लीलापुर थाना पुलिस ने मवेशी चोरी और विस्फोटक बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया एक पड़वा तथा चार अवैध देशी बम बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सद्दाम, नितिन सरोज, निखिल सरोज और चांद बाबू के रूप में हुई है। इनकी गिरफ्तारी मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार ग्राम घूरीपुर निवासी वादी ने तहरीर देकर बताया था कि 16/17 जुलाई की रात पांच-छह अज्ञात व्यक्ति सफेद रंग की डाला गाड़ी से उसके घर के सामने बंधे मवेशियों को चोरी करने पहुंचे। आहट मिलने पर वादी के जाग जाने से आरोपी दो भैंस मौके पर छोड़कर एक पड़िया और एक पड़वा लेकर फरार हो गए।
वादी की तहरीर के आधार पर थाना लीलापुर में मु.अ.सं. 227/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किया गया एक पड़वा तथा चार अवैध देशी बम बरामद किए। पुलिस मामले में आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित