बैतूल , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में मुलताई-छिंदवाड़ा हाईवे पर मंगलवार सुबह पुलिस ने मवेशियों से भरी एक पिकअप वाहन को पकड़ा। वाहन में 12 मवेशी पाए गए, जिनमें से दो मृत मिले। कार्रवाई के दौरान चालक और उसके साथ मौजूद अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब पांच बजे पारडसिंगा गांव के पास हुई। छिंदवाड़ा के बजरंग दल कार्यकर्ताओं से सूचना मिलने के बाद कुछ युवाओं ने पुलिस के साथ मिलकर संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया। वाहन को रोकने के लिए पुलिस ने सड़क पर लोहे का पट्टा डाल दिया, जिससे पिकअप के टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद चालक करीब एक किलोमीटर तक वाहन ले गया और बाद में पिकअप छोड़कर अन्य लोगों के साथ मौके से फरार हो गया।

पुलिस और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पिकअप की जांच की तो उसमें बड़ी संख्या में मवेशियों को कथित तौर पर ठूंसकर और एक-दूसरे के ऊपर बांधकर रखा गया था। इनमें दो मवेशी मृत मिले। अन्य मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर मुलताई की गौशाला भेजा गया।

पुलिस ने पिकअप वाहन जब्त कर लिया है। वाहन के कागजात के साथ ही मवेशियों के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। पुलिस वाहन में सवार लोगों की पहचान और तलाश में जुटी है। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित