बीजापुर , मार्च 09 -- छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल इलाके में पुलिस ने सोमवार को मवेशी तस्करी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन राज्यों के नौ तस्करों को गिरफ्तार किया।

तस्कर मवेशियों को जिले के थाना भोपालपटनम् पुलिस ने उल्लूर घाटी-चिल्लामरका के जंगल एवं पहाड़ी रास्ते से अवैध रूप से तेलंगाना ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने तस्करों के चुगुल से 171 मवेशियों (गाय, बैल एवं बछड़े) को मुक्त कराया।

पुलिस से इस मामले में आज जानकारी मिली। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मवेशी तस्करों का एक समूह बड़ी संख्या में गौवंश को जंगल के पहाड़ी रास्तों से होते हुए पड़ोसी राज्य तेलंगाना ले जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। टीम ने घेराबंदी कर तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया। तस्कर बिना किसी वैध दस्तावेज या परिवहन अनुमति के पशुओं को पैदल हांककर ले जा रहे थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तेलंगाना और महाराष्ट्र सहित तीन राज्यों के तस्कर शामिल हैं। पकड़े गए तस्करों में थिपनपल्ली संजीव (48) पुत्र थिपनपल्ली नरसैया, निवासी नरसिंगपुर गांदीकामारम, करीमनगर, बोरला गुण्डेम, तेलंगाना, हटकर राजू (52) निवासी बोरलागुडेम, करीमनगर, तेलंगाना, कटकुरी मजनू (23) पुत्र कटकुरी रवि, निवासी कारिनदेव पेटा, मुलगु, शामिल है तीनों तेलंगाना राज्य से हैं। इसके अलावा विनोद नारायण झाडे (35) पुत्र राजीग्य झाड़े,निवासी येचली, मन्नेराजाराम, गढ़चिरोली, व्येक्टी गोडया दुर्गे (62) पुत्र गोडया, , निवासी येचली, मन्नेराजाराम, गढ़चिरोली, व्येकंटी राजीग्या दुर्गे (47) पुत्र राजीग्य, निवासी येचली, मन्नेराजाराम, गढ़चिरोली, प्रवीण शंकर दुर्गे (19) पुत्र शंकर, निवासी येचली, मन्नेराजाराम, गढ़चिरोली, अक्षय अजमेरा (24) पुत्र राउजी अजमेरा, निवासी येचली, मन्नेराजाराम, गढ़चिरोली महाराष्ट्र से हैं। नौवां तस्कर अशोक गुगलेम (30) पुत्र स्वर्गीय कन्हैया गुगलेम, निवासी सकनापल्ली, मोदकपाल, बीजापुर, छत्तीसगढ़ का रहने वाला है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों के पास से पशुओं के स्वामित्व या परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। सभी 171 मवेशियों को सुरक्षित रखने के लिए नगर पंचायत भोपालपटनम् के गौठान में भेज दिया गया है।

आरोपियों के खिलाफ थाना भोपालपटनम् में छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण (संशोधन) अधिनियम, 2011 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सक्रिय तस्करी नेटवर्क के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित