नयी दिल्ली , जुलाई 17 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने राजधानी में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर) की समय सीमा बढ़ाने के चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत किया है और कहा है कि अवधि बढ़ने से बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) अपना कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कर पायेंगे।
श्री मल्होत्रा ने शुक्रवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि एसआईआर के दो मूल मकसद हैं, पहला कि कोई विदेशी नागरिक भारतीय मतदाता के रूप में पंजीकृत ना हो पाये और हर भारतीय का केवल एक जगह पंजीकृत वोट रहे।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वह आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं के द्वारा फैलाये जा रहे किसी भ्रम में ना फंसे। हर दिल्ली का नागरिक जो केवल दिल्ली में पंजीकृत मतदाता है उसका वोट ना कोई कटवा सकता है और ना ही भाजपा कटने देगी।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है कि यह खेदपूर्ण है कि "आप" के नेता दिल्ली में बसे पूर्वांचल समाज के लोगों के साथ ही झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले गरीब समाज को भाजपा के विरूद्ध भड़काने की कोशिश करते रहते हैं, लेकिन वह यह भूल जाते हैं कि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल सहित विभिन्न राज्यों से आ कर दिल्ली में आ कर बसे गरीब लोग लगातार अपने गृह राज्यों में भाजपा की सरकारें चुन रहे हैं। उन्होंने कहा कि "आप" के कुप्रचार का पूर्वांचल समाज के लोगों पर कोई कुप्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि "आप" नेताओं ने इस एसआईआर मुद्दे को पूर्वांचल के नाम से उठाया जरूर है, लेकिन उनका असली मकसद अपने बंगलादेशी और रोहिंगया वोटरों को बचाना है।
श्री मल्होत्रा ने कहा है कि दिल्ली में हर राज्य के लोगों के साथ ही पूर्वांचल के लोग बड़ी तादाद में बसे हैं और वह सरकारी बीएलओ के साथ ही अपने क्षेत्र के हमारे भाजपा के बीएलए- 2 अथवा विभिन्न जिलों में पूर्वांचल मोर्चा के कार्यकर्ताओं की मदद से अपना वैध वोट सुनिश्चित कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित