चंडीगढ़ , अक्टूबर 21 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता सिकंदर सिंह मलुका पर मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के संबंध में महिलाओं के अपमान का आरोप लगाते हुए उनकी टिप्पणी की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को दी जाने वाली मान-सम्मान राशि को लेकर इस तरह की भाषा का इस्तेमाल पंजाब की माताओं और बेटियों की गरिमा के खिलाफ है।

श्री पन्नू ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि मलुका को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्हें ऐसा क्यों लगता है कि माताओं और बेटियों को एक हजार या 1,500 रुपये देकर खरीदा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह केवल सरकारी योजना पर टिप्पणी का मामला नहीं है, बल्कि उस राशि को सम्मान के रूप में स्वीकार करने वाली महिलाओं की गरिमा से जुड़ा विषय है।

आप नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक पहल है। उन्होंने दावा किया कि इस योजना के लिए 9,300 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है और इसके माध्यम से महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

श्री पन्नू ने मलुका के पूर्व के आचरण का उल्लेख करते हुए प्रदर्शनकारी शिक्षिकाओं से जुड़े विवाद पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद पर रह चुके नेता से महिलाओं और शिक्षकों के प्रति अधिक संवेदनशीलता की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल पर भी निशाना साधा।

श्री पन्नू ने कहा कि हरसिमरत कौर बादल 'नन्ही छांव' अभियान के माध्यम से महिलाओं के सम्मान की बात करती हैं, लेकिन श्री आनंदपुर साहिब की सराय से जुड़े मामले में अकाली नेता अमरजीत सिंह चावला को लेकर उठे सवालों पर उनकी चुप्पी रही। उन्होंने सवाल किया कि क्या वह अब मलुका की टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया देंगी या फिर चुप रहेंगी।

इस बीच, पंजाब राज्य महिला आयोग ने मलुका की टिप्पणी पर स्वत: संज्ञान लेते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है और संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत पात्र महिलाओं को दी जाने वाली एक हजार और 1,500 रुपये की मासिक राशि को लेकर उठे विवाद के बीच हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित