कोण्डागांव, मार्च 25 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र में देसी तथा विदेशी शराब की दुकान खोले जाने की प्रक्रिया का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है।
ग्राम पंचायत मर्दापाल की सीमा क्षेत्र में प्रस्तावित इस शराब दुकान के लिए आमंत्रित निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग को लेकर क्षेत्र की सरपंच सत्यवती कश्यप के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही, यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
ग्रामीणों के ज्ञापन से मिली जानकारी के अनुसार, कार्यालय कलेक्टर (आबकारी) जिला कोण्डागांव द्वारा 11 मार्च 2026 को जारी आदेश क्रमांक/आब./निविदा/2026/416 के तहत ग्राम पंचायत मर्दापाल की सीमा क्षेत्र में देशी/विदेशी मदिरा दुकान के संचालन हेतु निविदाकारों से तकनीकी एवं वित्तीय निविदा आमंत्रित की गई थी। इस प्रक्रिया के तहत निविदाएं 30 मार्च 2026 तक जिला आबकारी अधिकारी सह जिला प्रबंधक के कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया गया था। इस आदेश के सामने आने के बाद से ही क्षेत्र के ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया था, जिसके बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने यह मोर्चा खोला।
ज्ञापन में कहा गया है कि किसी भी राष्ट्र की सच्ची संपत्ति उसका स्वस्थ एवं स्वच्छ मन वाला नागरिक होता है। यदि मर्दापाल क्षेत्र में मदिरा की दुकान खुलती है, तो इसके दुष्परिणामों का सर्वाधिक शिकार नई पीढ़ी के युवा, जवान एवं बुजुर्ग सभी वर्ग के लोग होंगे। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान खुलने से क्षेत्र में एक अलग ढंग की स्थिति एवं परिस्थिति निर्मित होगी, जिससे व्यक्ति, परिवार, गांव और समाज कुप्रभावित होंगे। परिणामस्वरूप दुर्घटनाएं, बलात्कार, घरेलू हिंसा, अपराध जैसी अनेक मुसीबतें चुनौती बनकर सामने आएंगी और समाज में नई समस्याएं खड़ी हो जाएंगी। ज्ञापन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह मांग केवल व्यक्ति विशेष की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सर्व समाज की सामूहिक भावना को दर्शाती है।
इस विरोध प्रदर्शन में सरपंच कमती जोरान, राजपूत क्षत्रिय समाज संगठन के रमनाव, ग्राम पंचायत बडेकुरुसनार से जुड़े पदाधिकारी, गांडवाना समाज समन्वय समिति तखपाल क्षेत्र के अध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज ब्लाक इकाई मर्दापाल के प्रतिनिधि, गोंड आदिवासी समाज के उमेश, ग्राम पंचायत हसलनार की सरपंच, ग्राम पंचायत हड़ेली के जनप्रतिनिधि, मर्दापाल क्षेत्र क्रमांक 24 के सदस्य, क्षेत्र के कौटवार तथा अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं समाज के बड़े-बुजुर्ग शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में कहा कि शराब दुकान से समाज का भविष्य अंधकारमय होगा और इसे किसी भी कीमत पर अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित