बेतिया , सितम्बर 17 -- विश्व रोगी सुरक्षा दिवस के अवसर पर गुरुवार को लायंस क्लब बेतिया एवं नारायणी सुपर स्पेशलिटी ऑर्थोपेडिक क्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में बसवरिया माइकल कॉलोनी स्थित अस्पताल परिसर में जागरूकता कार्यक्रम सह निशुल्क बीएमडी हड्डी जांच शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.उमेश कुमार ने मरीजों को रोगों से बचाव और सुरक्षित उपचार के प्रति जागरूक किया।
डॉ.उमेश कुमार ने कहा कि मरीज को कोई भी दवा रजिस्टर्ड चिकित्सक की सलाह के अनुसार ही लेनी चाहिए। किसी भी बीमारी का इलाज योग्यताधारी चिकित्सक से ही कराना चाहिए. डॉक्टर द्वारा बताए गए नियमों के अनुसार ही दवा का सेवन करें। किसी तरह की परेशानी होने पर चिकित्सक या स्वास्थ्य कर्मी से अवश्य संपर्क करना चाहिए।उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के आह्वान पर वर्ष 2019 से प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर को विश्व स्तर पर विश्व रोगी सुरक्षा दिवस मनाया जाता है।इस वर्ष का मुख्य विषय 'जीवन के लिए सुरक्षित देखभाल' के तहत गैर-संचारी रोगों जैसे मधुमेह, हृदय रोग, कैंसर एवं श्वसन संबंधी समस्याओं से बचाव पर केंद्रित है।
शिविर के दौरान हड्डी रोग से बचाव के प्रति जागरूक करने के साथ मरीजों, अभिभावकों एवं क्लब के सदस्यों की निशुल्क बीएमडी हड्डी जांच की गयी।
लायंस क्लब बेतिया के वरिष्ठ सदस्य लायन जमील बरमकी ने कहा कि मरीजों को चिकित्सक द्वारा दिए गए प्रत्येक निर्देश का पालन करना चाहिए।बीमारी से बचाव के लिए जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करना भी जरूरी है।
क्लब के सचिव लायन प्रदीप कुमार ने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, वजन नियंत्रित रखने, उचित जीवनशैली अपनाने तथा आसपास साफ-सफाई रखने की सलाह दी।उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए इन बातों का पालन जरूरी है।
मौके पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य लायन सुनील कुमार गुप्ता, लायन डॉ रश्मि कुमारी, लायन डॉ राजीव रंजन समेत कई मरीज एवं उनके अभिभावक मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित