छत्रपति संभाजीनगर , सितंबर 17 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि क्षेत्र में बार-बार पड़ने वाले सूखे की समस्या से निपटने के लिए सरकार कृष्णा और कोंकण बेसिन के अतिरिक्त पानी को मराठवाड़ा तक लाने की परियोजनाएं शुरू करेगी।
श्री फडणवीस ने मराठवाड़ा मुक्ति दिवस के मुख्य सरकारी समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि कृष्णा बेसिन से भीमा बेसिन के जरिए धाराशिव, बीड और लातूर के कुछ हिस्सों तक 30 टीएमसी पानी पहुंचाने का काम शुरू हो गया है। कोंकण के उल्हास बेसिन से गोदावरी बेसिन तक करीब 70 टीएमसी पानी पहुंचाने वाली नदी जोड़ो परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट अंतिम चरण में है। यह परियोजना सात वर्ष में चरणबद्ध तरीके से पूरी की जायेगी।
श्री फडणवीस ने कहा कि फसल नुकसान के आकलन की रिपोर्ट पांच अक्टूबर के बाद पूरी की जायेगी और इसके बाद प्रभावित किसानों को सहायता दी जायेगी। पीने के पानी और चारे की भी व्यवस्था की गयी है। छत्रपति संभाजीनगर जलापूर्ति परियोजना अंतिम चरण में है और धन की कमी से इसके काम पर असर नहीं पड़ेगा।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में चल रही बुनियादी ढांचे और औद्योगिक परियोजनाओं का भी उल्लेख किया, जिनमें शेंद्रा-बिडकिन औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार, जालना ड्राई पोर्ट और सड़कों को चौड़ा करने की परियोजनाएं शामिल हैं।
इससे पहले श्री फडणवीस ने सिद्धार्थ उद्यान स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और राष्ट्रीय ध्वज फहराया। स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में तीन दौर की बंदूक की सलामी दी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित