रायपुर , अक्टूबर 01 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचकर नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट सड़क हादसे में घायल लोगों का हाल जाना। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उपचार की स्थिति की जानकारी ली तथा चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने घायल रोमन सोरा से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों से अस्पताल में मिल रही चिकित्सा सुविधाओं और उपचार के संबंध में भी चर्चा की। परिजनों ने उपचार व्यवस्था पर संतोष जताया।
इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उप मुख्यमंत्री को बताया कि घायल के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी। शर्मा ने चिकित्सकों और संबंधित अधिकारियों से कहा कि उपचार में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए और घायल को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित