पटना , जून 08 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं पश्चिम बंगाल के पार्टी प्रभारी मंगल पांडेय ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में बढ़ते असंतोष का दावा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नीतियों से पार्टी के नेता और जनप्रतिनिधि नाराज हैं, जिसके कारण टीएमसी में राजनीतिक उथल-पुथल की स्थिति बनी हुई है।श्री पांडेय ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि टीएमसी के कुछ सांसदों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर संसद में अलग गुट की व्यवस्था करने तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग ) में शामिल होने की इच्छा जताना इस बात का संकेत है कि पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि ममता बनर्जी की कथित तानाशाही, तुष्टीकरण और विकास विरोधी नीतियों से पार्टी के सांसद एवं विधायक असहज महसूस कर रहे हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की विकास नीतियों पर लोगों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के कई नेता पहले भी पार्टी छोड़ चुके हैं और हाल के घटनाक्रम पार्टी के भीतर गहरे असंतोष को दर्शाते हैं।

श्री पाण्डेय ने दिल्ली में आयोजित विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की बैठक पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह गठबंधन देश के विकास के लिए नहीं, बल्कि विपक्षी दलों के राजनीतिक अस्तित्व को बचाने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन के पास देश के विकास के लिए कोई स्पष्ट दृष्टि या नीति नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित