जयपुर , मई 04 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत को प्रचंड एवं ऐतिहासिक बताते हुए कहा है कि बंगाल में ममता के तुष्टिकरण एवं भ्रष्टाचार से दुकानदार, व्यापारी, आमजन सब परेशान थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब पश्चिम बंगाल में सुशासन का सपना भी पूरा करेंगे।
श्री शर्मा सोमवार को पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित उत्सव में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को लगातार एक के बाद एक पूरा कर रहे हैं और अब पश्चिम बंगाल में सुशासन का सपना भी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री मुखर्जी के कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने के सपने को श्री मोदी ने साकार किया। अब पश्चिम बंगाल में सुशासन का सपना भी प्रधानमंत्री पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उस नरेंद्र ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी और इस नरेंद्र ने इसे साकार करने का काम किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं के संघर्ष पर साधुवाद दिया और उनके अथक मेहनत एवं परिश्रम के लिए बहुत शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को प्रण दिलाया कि "कश्मीर हो या हो गुवाहाटी अपना देश, अपनी माटी" के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना है। राष्ट्र के लिए, प्रदेश के लिए और जनता के लिए हम कैसे कार्य कर सकते हैं, यही हमारा विजन होना चाहिए।
श्री शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने सदैव तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। वहां ममता के राज में दुकानदार, व्यापारी और आमजन सभी परेशान थे। अब पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार विकास करेगी। उन्होंने कहा कि श्री मोदी जो विजन लेते हैं, उसे पूरा करते ही हैं।
उन्होंने राजस्थान की चर्चा करते हुए कहा कि श्री मोदी से राजस्थान में विकास के लिए जो मांगा, उससे अधिक दिया। मोदी का सिर्फ और सिर्फ एक ही एजेंडा है, विकास। श्री मोदी की इसी नीति के चलते राजस्थान में 2028 के विधानसभा चुनावों में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल सहित असम और पुडुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर पूरे हिंदुस्तान के राष्ट्रभक्त नागरिकों में खुशी की लहर है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब पश्चिम बंगाल विकास की नई बुलंदियों को छुएगा।
श्री राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार अब पश्चिम बंगाल की जनता को सुशासन देगी। उन्होंने भाजपा शीर्ष नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उनकी टीम को भी पश्चिम बंगाल चुनाव में जनजागरण चलाने और भारी बहुमत के साथ कमल खिलाने पर आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन से आमजन परेशान हो गया था। ममता बनर्जी ने बांग्लादेश से जुड़े क्षेत्रों में लगातार घुसपैठियों को देश में प्रवेश करवाया। इतना ही नहीं, ममता बनर्जी ने जैसा आचरण वहां की जनता के साथ किया, उससे परेशान मतदाताओं ने ममता को हराकर कमल खिलाने का काम किया है। पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी के मंसूबों को नेस्तनाबूत करने का काम किया। अब देश में एक भी घुसपैठिया नहीं घुस पाएगा।
उन्होंने कहा कि ममता के गुंडे राष्ट्रभक्त लोगों के साथ मारपीट करते थे, जबरन उनके घरों में आग लगाने जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे लेकिन श्री मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में अब बदलाव की बयार आई है। उन्होंने भाजपा की प्रचंड जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई दी।
इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी सतीश पूनिया, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी सहित पार्टी के अनेक नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित