कोलकाता , अगस्त 09 -- पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की संस्थापक-अध्यक्ष ममता बनर्जी के काफिले पर रविवार शाम बीजपुर के हालिशहर में हमला हुआ, हालांकि इसमें किसी को चोट नहीं आयी।
सुश्री बनर्जी यहां पुलिस हिरासत में मरने वाले तृणमूल कार्यकर्ता के परिजनों से मिलने आयी थीं। यहां पहुंचने पर उनके काफिले को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया और 'चोर-चोर' के नारे लगाने लगे। सुश्री बनर्जी की गाड़ी पर कथित तौर पर कीचड़, पत्थर और ईंटें फेंकी गयीं। उनकी गाड़ी की खिड़कियों पर भी कीचड़ मल दी गयी।
सुश्री बनर्जी ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "मेरे सर पर चोट लग सकती थी। हम मर सकते थे। हमने पुलिस के सामने इस तरह का हमला नहीं देखा है।"तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी ने आरोप लगाया कि यह हमला बाहरी लोगों से करवाया गया और इसमें स्थानीय पुलिस थाना प्रभारी का भी हाथ था। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी का पीछा किया और उस पर पत्थरबाज़ी की। तृणमूल नेता कुणाल घोष ने इस घटना की निंदा करते हुए पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित