कोलकाता , अप्रैल 06 -- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा हमला बोला और पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के कथित 'कोलकाता को निशाना बनाने' वाले बयान पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर सवाल उठाये।

नदिया जिले के बेथुआदहारी में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सुश्री बनर्जी ने कहा कि जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री कोलकाता को लेकर धमकी भरी बात करते हैं, तो प्रधानमंत्री इस पर कुछ क्यों नहीं बोलते? उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और बंगाल की जनता की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला करार दिया।

यह विवाद इस्लामाबाद में दिये गये श्री ख्वाजा आसिफ के उस बयान के बाद बढ़ा, जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि भारत भविष्य में पाकिस्तान में कोई कार्रवाई करता है, तो उसका जवाब कोलकाता तक पहुंच सकता है।सुश्री बनर्जी ने केंद्र सरकार पर इस मुद्दे पर चुप रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह 'गंभीर चिंता' का विषय है। उन्होंने सवाल किया कि क्या चुनाव से पहले किसी 'राजनीतिक मकसद' के तहत ऐसी स्थिति बनायी जा रही है।

उन्होंने कहा, "क्या हम चुनाव से पहले फिर किसी पहलगाम जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहे हैं? क्या यह सिर्फ राजनीतिक ड्रामा है?"तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि बंगाल को निशाना बनाने की किसी भी कोशिश काकड़ा जवाब दिया जाएगा और इस पूरे मामले की जांच की मांग की।

उन्होंने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग भी की और कहा कि किसी विदेशी रक्षा मंत्री की ओर सेइस तरह की टिप्पणी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित