खरगोन/बड़वानी , अगस्त 02 -- मध्यप्रदेश के खरगोन और बड़वानी जिलों में शनिवार देर रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बीबीए छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहला हादसा खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के सेलानी बायपास पर हुआ, जहां कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कार में फंसकर कुछ दूर तक घिसटती चली गई और घर्षण के कारण उसमें आग लग गई। हादसे के बाद कार भी सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा फंसी।
कसरावद थाना प्रभारी इंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि टक्कर के प्रभाव से दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जयंत वर्मा (खरगोन), वह खरगोन के एक कार शोरूम में सेल्स मैनेजर थे, तथा लकी सोनगिरे गुजरात में बीबीए की पढ़ाई कर रहे थे, के रूप में हुई है। दोनों युवक पर्यटन स्थल जामगेट घूमकर खरगोन लौट रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इसी तरह बड़वानी जिले के अंजड़ थाना क्षेत्र के बिलवा रोड पर कल देर रात एक अन्य सड़क हादसे में मोबाइल कंपनी के कर्मचारी सुभाष वास्कले की मौत हो गई। वह रात के भोजन के बाद सड़क पर टहल रहे थे, तभी एक दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में दोपहिया वाहन चालक अरुण प्रजापत गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित