नयी दिल्ली , अगस्त 27 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ग्रीष्मकालीन 2026 सीजन में मध्य प्रदेश के लिए मूंग की कुल स्वीकृत खरीद मात्रा 5,39,072 टन रही। मूंग खरीद अवधि अब समाप्त हो चुकी है और राज्य में कुल 5.33 लाख टन मूंग की खरीद की गई है।
वह आज यहां मध्य प्रदेश के कृषि एवं बागवानी मंत्रियों के साथ वर्चुअल बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस समीक्षा बैठक में म.प्र. में ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीद, किसानों को न्यूनतम समर्थन का लाभ तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि म.प्र. सरकार के अनुरोध पर भारत सरकार ने ग्रीष्मकालीन 2026 सीजन के दौरान मूंग की खरीद के लिए पहले 4,54,580 टन की मात्रा स्वीकृत की थी। इसके बाद किसानों के हित को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त 84,492 टन मात्रा भी स्वीकृत की गई। इससे राज्य सरकार पर कोई वित्तीय भार नहीं आया। इस प्रकार, यह खरीद स्वीकृत सीमा के भीतर रही और सभी इच्छुक तथा पंजीकृत किसानों से उनकी उपलब्ध मूंग की खरीद की गई। इससे किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिला और उन्हें सीधे लाभ मिला।
खरीद व्यवस्था के तहत किसानों को समय पर भुगतान और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली। पिछले वर्ष की तुलना में भी इस वर्ष मूंग खरीद में बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया गया। ग्रीष्म 2025 में जहां 4,19,692 टन की स्वीकृत मात्रा के विरुद्ध 3,93,123.79 टन की खरीद हुई थी, वहीं ग्रीष्म 2026 में स्वीकृति और वास्तविक खरीद दोनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित