बैतूल , सितंबर 21 -- मध्यप्रदेश में जेल विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश चन्द्र गुप्ता ने सोमवार को जिला जेल बैतूल का निरीक्षण कर बंदियों की न्यायालयीन पेशियों, ई-प्रिजन्स व्यवस्था और जेल में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्माणाधीन नवीन जिला जेल का भी निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति जानी और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रमुख सचिव श्री गुप्ता ने जिला जेल में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बंदियों की न्यायालयीन पेशी की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि बंदियों की न्यायालयीन पेशियां प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी मामले में अनावश्यक विलंब की स्थिति न बने। इसके साथ ही उन्होंने ई-प्रिजन्स के माध्यम से बंदियों के डाटा संधारण की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने जेल में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन करते हुए प्रशिक्षण गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बंदियों को प्रशिक्षण के माध्यम से उपयोगी कौशल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
इसके बाद प्रमुख सचिव ने मध्य प्रदेश गृह निर्माण मंडल के अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन नवीन जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की वर्तमान स्थिति, कार्य की प्रगति और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गृह निर्माण मंडल के उपायुक्त एमके साहू, कार्यपालन यंत्री प्रकाश संगमनेरकर, भोपाल के कार्यपालन यंत्री प्रदीप कड़वे और परियोजना प्रबंधक ककड़े सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन, सर्किल जेल अधीक्षक नर्मदापुरम संतोष सोलंकी, जिला जेल अधीक्षक योगेंद्र कुमार तिवारी, उपयंत्री प्रकाश पंजवानी सहित जेल एवं निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित