छिंदवाड़ा , सितम्बर 23 -- मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में डुंगरिया पुलिस चौकी क्षेत्र के छिंदीकामथ गांव में बुधवार को एक बंद कमरे से कई दिन पुराना शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई।

जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 11 बजे छिंदीकामथ गांव में एक बंद कमरे से शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही डुंगरिया पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। कमरे को खोलकर अंदर देखा गया तो एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। शव काफी खराब स्थिति में था और उसमें कीड़े पड़ चुके थे।

पुलिस ने शव की पहचान राजेश बावरकर (54) निवासी रावनवाड़ा के रूप में की है। बताया जा रहा है कि शव कई दिन पुराना होने के कारण उसकी हालत काफी खराब हो चुकी थी। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई।

मृतक कमरे में किस परिस्थिति में पहुंचा और उसकी मौत कब हुई, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद निरीक्षक तरुण मरकाम के मार्गदर्शन में प्रधान आरक्षक अखिलेश डोहरे, प्रधान आरक्षक विजेंद्र बघेल और आरक्षक राजपाल राठौर सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति का जायजा लेने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित