रायपुर , अगस्त 30 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' देश के कोने-कोने में हो रहे नवाचारों, प्रेरक प्रयासों और सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों को राष्ट्रीय पहचान देने का सशक्त माध्यम है।

श्री साय ने यहां निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री श्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम की 137वीं कड़ी सुनने के बाद कहा कि यह केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देशवासियों से आत्मीय संवाद का माध्यम है। इसके जरिए ऐसे लोगों और उनके कार्यों को देश के सामने लाया जाता है, जो बिना किसी प्रचार और स्वार्थ के समाज तथा राष्ट्रहित में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश के दूरस्थ गांवों और छोटे क्षेत्रों में अनेक लोग पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और नवाचार के जरिए सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। 'मन की बात' ऐसे सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों को राष्ट्रीय पहचान देकर उनका उत्साह बढ़ाने के साथ अन्य लोगों को भी प्रेरित करती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में 'नशामुक्त युवा, विकसित भारत' के संकल्प को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। युवा शक्ति विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज तथा राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'हर घर तिरंगा' अभियान के प्रति देशवासियों के उत्साह का भी उल्लेख किया। अभियान के तहत आठ करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की। उन्होंने इसे राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और भावनात्मक जुड़ाव की अभिव्यक्ति बताया।

उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और देशभर में लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़कर अपने छोटे व्यवसायों को आगे बढ़ा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए कहा कि स्थायी परिवर्तन तभी संभव है, जब स्वच्छता केवल सरकारी अभियान न रहकर प्रत्येक नागरिक की आदत और जिम्मेदारी बने।

श्री साय ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में बेटियों की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 'मन की बात' में 'मिशन शक्ति सैट' जैसे प्रयास का उल्लेख किया, जिसके माध्यम से भारत सहित विभिन्न देशों की हजारों छात्राओं को सैटेलाइट टेक्नोलॉजी समझने, सीखने और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का इस मुहिम का हिस्सा बनना प्रदेश के लिए गौरव की बात है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 'मन की बात' की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ के बस्तर ओलंपिक से लेकर मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों का उल्लेख किया गया है। प्रधानमंत्री द्वारा प्रदेश के नवाचारों, संस्कृति, विरासत और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान दिए जाने से छत्तीसगढ़ को देशभर में पहचान मिल रही है।

उन्होंने कहा कि 'मन की बात' देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को एक सूत्र में जोड़ते हुए नागरिकों को स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार, समाजसेवा और राष्ट्रहित से जुड़े कार्यों के लिए प्रेरित करती है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, संतजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित