चंडीगढ़ , सितंबर 27 -- हरियाणा के विकास एवं पंचायत और खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने रविवार को पानीपत के इसराना विधानसभा क्षेत्र के वैसर गांव में ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम 'मन की बात' का 138वां एपिसोड सुना।

इस अवसर पर श्री पंवार ने कहा कि 'मन की बात' प्रधानमंत्री और जनता के बीच संवाद का अनूठा मंच है। कार्यक्रम के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों, गांवों और क्षेत्रों में समाज कल्याण के लिए काम कर रहे लोगों की प्रेरक कहानियों को राष्ट्रीय स्तर पर सामने लाया जाता है। इससे नागरिकों को सकारात्मक बदलाव में योगदान देने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण, युवाओं की प्रतिभा, खेल, शिक्षा और सामाजिक सरोकारों जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया जाता है। 'मन की बात' करोड़ों नागरिकों की भावनाओं, उपलब्धियों और आकांक्षाओं को जोड़ने का माध्यम बन चुका है।

श्री पंवार ने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' की भावना के साथ सरकार और समाज विकसित भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री के संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखते हुए उन्हें दैनिक जीवन और सामाजिक गतिविधियों में अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास मिलकर बड़े सामाजिक बदलाव की नींव रख सकते हैं। गांवों में स्वच्छता, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के क्षेत्र में सामूहिक प्रयासों से ग्रामीण समाज को और सशक्त बनाया जा सकता है। हरियाणा के गांव भी विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित