चंडीगढ़ , जुलाई 26 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हर महीने देशवासियों से संवाद करते हुए देश के विभिन्न हिस्सों की उपलब्धियों और प्रेरणादायक प्रयासों का उल्लेख करते हैं।

श्री विज ने कहा कि इस बार प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के लिए गौरव का दिन है और भारतीय सेना ने अपने पराक्रम से दुश्मन को करारा जवाब दिया था।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर्बल टी को अपनाने की भी बात कही। विज के अनुसार, यदि सामान्य चाय के स्थान पर हर्बल टी का उपयोग किया जाए तो इससे स्वास्थ्य को कई लाभ मिल सकते हैं।

ऊर्जा मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने वर्षा जल संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बारिश का काफी पानी व्यर्थ बह जाता है, जबकि उसे संरक्षित कर भूजल स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने वर्षा जल की एक-एक बूंद को सहेजने और जलस्तर को रिचार्ज करने का आह्वान किया।

विज ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देशहित से जुड़े कई अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विचार साझा किए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित