चंडीगढ़ , सितंबर 27 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 'मन की बात' कार्यक्रम देश-दर्शन यात्रा है। इसमें देशभर में समाज, लोगों और महापुरुषों द्वारा किए जा रहे प्रेरणादायक कार्यों को सामने लाने का प्रयास किया जाता है।

श्री विज ने अंबाला छावनी के सेंट्रल फीनिक्स क्लब में 'मन की बात' का 138वां एपिसोड देखने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में अशोक सिंघल के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल के साथ उनके अच्छे संबंध रहे हैं। कुरुक्षेत्र में सूर्य ग्रहण के दौरान उन्हें 15 दिन तक उनके सहायक के रूप में काम करने का अवसर मिला था। अयोध्या में भी उनके मार्गदर्शन में काम किया।

श्री विज ने कहा कि अशोक सिंघल ने विश्व हिंदू परिषद के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया और उनकी सोच बहुत गहरी थी।

उन्हाेंने सोमनाथ मंदिर का उल्लेख करते हुए कहा कि मंदिर पर कई बार आक्रमण हुए, लेकिन आक्रमणकारी इतिहास में मिट गए और मंदिर आज भी अस्तित्व में है। उन्होंने कहा, ''कुछ तो है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी, यूं तो रहा है दुश्मन दौर-ए-जमां हमारा।''श्री विज ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण मानव जाति की बड़ी जिम्मेदारी है। जनभागीदारी के बिना स्वच्छता अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने 'मन की बात' में लोकल फॉर वोकल, नशामुक्त युवा अभियान, पोषण माह और आंवला उत्पादन को बढ़ावा देने जैसे विषयों का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर क्लब चेयरमैन अरुण गुप्ता, पूर्व चेयरमैन संजीव वालिया, वरिष्ठ भाजपा नेता कपिल विज, बीएस बिंद्रा, डीएस माथुर, गोपी सहगल, शैलेंद्र खन्ना, जसवंत जैन, बलकेश वत्स, दीपक भसीन और अनिल बहल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित