बैतूल/भोपाल , अक्टूबर 25 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम में दिए गए संदेशों को पार्टी कार्यकर्ता जनभागीदारी के साथ धरातल पर साकार करें। उन्होंने वोकल फॉर लोकल और जल संरक्षण को जन अभियान बनाने का आह्वान किया।

श्री खण्डेलवाल ने रविवार को बैतूल विधानसभा क्षेत्र के बडोरा मंडल के बूथ क्रमांक 46 के अंतर्गत ग्राम भडूस के सामुदायिक भवन में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। वहीं, प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना।

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम सामाजिक समरसता, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित करता है। भारतीय संस्कृति में सामाजिक समरसता की परंपरा पुरातन काल से रही है। भगवान श्रीराम द्वारा माता शबरी के बेर स्वीकार करना इसका प्रेरणादायी उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना जरूरी है। लोग स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें, जिससे प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिले। मन की बात कार्यक्रम देश के विभिन्न हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को व्यापक पहचान देने का माध्यम है।

प्रदेश अध्यक्ष ने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि बैतूल सहित प्रदेश के कई जिलों में औसत से कम वर्षा हुई है। आने वाले समय में सूखे जैसी स्थिति से बचने के लिए वर्षा जल की प्रत्येक बूंद को सहेजना आवश्यक है। बड़े जलाशयों और बांधों के साथ छोटी जल संरचनाओं का निर्माण भी बढ़ाया जाना चाहिए। नदी-नालों पर जल संरचनाएं बनाने से वर्षा जल का संचयन होगा, पेयजल और सिंचाई के लिए उपलब्धता बढ़ेगी तथा भूजल स्तर में सुधार आएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आमजन से जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील की।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला उपाध्यक्ष इन्द्रपाल पुंडे, रश्मि साहू, बडोरा मंडल अध्यक्ष नीतू पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जनपद सदस्य अलकेश वाघमारे, सरपंच सुनीता उइके, उपसरपंच धनराज खड़िया सहित पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित