नयी दिल्ली , अप्रैल 9 -- केंद्रीय विद्युत और आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने भूटान की अपनी यात्रा में गुरुवार को भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक से मुलाकात की और दोनों देशों के बीच पनविद्युत क्षेत्र में सहयोग तथा द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की।

विद्युत मंत्रालय की यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री मनोहर लाल ने भारत सरकार और लोगों की ओर से भूटान नरेश को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारत और भूटान के बीच विशिष्ट और प्रगाढ़ मैत्री तथा साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाने में भूटान नरेश के निरंतर मार्गदर्शन और नेतृत्व के प्रति सराहना व्यक्त की।

इस मुलाकात में बिजली मंत्री ने भूटान के राष्ट्रीय सेवा कार्यक्रम, ग्यालसुंग के लिए भूटान को बधाई दी, जो युवाओं में कौशल एवं राष्ट्र निर्माण पर केन्द्रित सामुदायिक भावना को बढ़ावा देता है। उन्होंने सतत एवं नियोजित विकास के लिए भूटान नरेश के गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी दृष्टिकोण की भी सराहना की।

केंद्रीय विद्युत मंत्री ने भूटान नरेश को बताया कि वह पुनात्सांगछ-प्रथम जलविद्युत परियोजना के बांध निर्माण कार्य आरंभ होने के अवसर पर उपस्थित रहेंगे, जिससे इस परियोजना के पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त होगा। विद्युत मंत्री ने कहा कि यह प्रक्रिया भारत-भूटान ऊर्जा सहयोग की तेज़ गति को दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित