, March 9 -- फिल्म मुगले आजम से जुड़ा रोचक तथ्य यह है कि किरदारों के चुनाव के लिये के.आसिफ को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहजादा सलीम के किरदार के लिये उन्होंने अभिनेता सप्रू का चुनाव किया और अकबर के किरदार के लिये चंद्रमोहन के सामने प्रस्ताव रखा लेकिन चंद्रमोहन ने उनसे साफ शब्द में कह दिया..मैं इसी शर्त पर इस फिल्म में काम करना पसंद करूंगा जब आप इस फिल्म के निर्देशक नहीं होंगे। इस पर के. आसिफ ने जवाब दिया..मैं उस दिन का इंतजार करूंगा जब आपको मेरी सूरत पसंद आने लगेगी। अकबर के किरदार के लिये उन्होंने चंद्रमोहन का चयन इसलिये किया क्योंकि उनकी आंख भी अभिनेता सप्रू की तरह नीली थी।
वर्ष 1946 अभिनेता चंद्रमोहन की असमय मृत्यु हो गयी ।इसी दौरान अभिनेत्री वीणा और सप्रू के चेहरे पर उम्र की लकीरे खींच आईं। के.आसिफ ने सप्रू के सामने अकबर का किरदार निभाने का प्रस्ताव रखा और अनारकली के किरदार के लिये नरगिस तथा सलीम के किरदार के लिये दिलीप कुमार का चयन किया लेकिन सप्रू जो नरगिस के साथ फिल्मों में बतौर अभिनेता काम कर चुके थे ,उन्होंने अकबर का किरदार निभाने से मना कर दिया।बाद में अभिनेत्री नरगिस ने भी फिल्म में काम करने से मना कर दिया। तब के.आसिफ ने मधुबाला के सामने अनार कली की भूमिका निभाने का प्रस्ताव रखा और अकबर के किरदार के लिये पृथ्वीराज कपूर का चयन किया।
वर्ष 1951 में एक बार फिर से मुगले आजम के निर्माण कार्य आरंभ हुआ। इसी दौरान के.आसिफ ने दिलीप कुमार, नरगिस और बलराज साहनी को लेकर फिल्म ..हलचल .का निर्माण कार्य शुरू किया । वर्ष 1951 में प्रदर्शित यह फिल्म टिकट खिडक़ी पर सफल साबित हुयी ।इस फिल्म से जुड़ा एक रोचक तथ्य है कि इप्टा से जुड़े रहने और अपने क्रांतिकारी और कम्युनिस्ट विचार के कारण बलराज साहनी को जेल भी जाना पडा। निर्माता के आग्रह पर विशेष व्यवस्था के तहत वह फिल्म की शूटिंग किया करते थे और शूटिंग खत्म होने के बाद वह वापस जेल चले जाते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित