रायबरेली , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र की 251 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र और 620 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरित किए।
बाल विकास पुष्टाहार विभाग की ओर से सिविल लाइन स्थित एक होटल में आज शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र केवल बच्चों के पोषण और शिक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि समाज के भविष्य को मजबूत बनाने की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बच्चों और महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में सेतु की भूमिका निभा रही हैं।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख जगतपुर दल बहादुर सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता भी मौजूद रहीं। मंत्री ने विभिन्न विकास खंडों की चयनित सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र तथा कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरित किए।
विभागीय सूत्रों के अनुसार ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के डलमऊ में 103, दीनशाहगौरा में 25, ऊंचाहार में 73, जगतपुर में 18 तथा रोहनियां में 32 समेत कुल 251 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। वहीं डलमऊ की 196, दीनशाहगौरा की 106, ऊंचाहार की 147, जगतपुर की 100 और रोहनियां की 71 सहित कुल 620 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्मार्ट फोन वितरण से विभागीय योजनाओं की ऑनलाइन मॉनिटरिंग, लाभार्थियों का डेटा संकलन और पोषण ट्रैकिंग में तेजी आएगी, जिससे योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक समयबद्ध तरीके से पहुंच सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित