मनेंद्रगढ़ , अप्रैल 03 -- त्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल के तहत आमाखेरवा ग्राउंड में 1393.71 लाख रुपये की लागत से बनने वाले फिजियोथेरेपी कॉलेज भवन का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस कॉलेज के निर्माण के साथ क्षेत्र के विद्यार्थियों को अब फिजियोथेरेपी की पढ़ाई के लिए अन्य शहरों या राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जानकारी के अनुसार, आगामी शैक्षणिक सत्र से 50 सीटों पर स्नातक स्तर की पढ़ाई शुरू की जाएगी। स्थायी भवन के निर्माण तक कॉलेज का संचालन अस्थायी रूप से सिंधी कालरी एजुकेशन सोसाइटी, झगराखांड में किया जा रहा है। इसके लिए एसईसीएल के साथ सहमति पत्र (एमओयू) किया गया है।

फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना से मनेंद्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा शिक्षा का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। मेडिकल कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज के साथ संचालित होने से स्थानीय युवाओं के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर के नए अवसर उपलब्ध होंगे। परियोजना के तहत ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोलॉजी और कार्डियोलॉजी से संबंधित फिजियोथेरेपी सेवाओं का प्रावधान किया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक रेणुका सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंती सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष चंपादेवी पावले, महापौर रामनरेश राय, सभापति संतोष सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष जानकी बाई और परसगढ़ी सरपंच बुद्धु सिंह उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर डी राहुल वेंकट और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने भी परियोजना की जानकारी साझा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित