जालंधर , सितंबर 16 -- दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को पंजाब के कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के जालंधर स्थित आवास पर पहुंचकर उनके पिता और पंजाब के पूर्व मंत्री भगत चुन्नी लाल के निधन पर शोक व्यक्त किया तथा परिवार के प्रति संवेदना जताई।

श्री सिसोदिया के साथ पंजाब पर्यटन एवं सांस्कृतिक मामलों के सलाहकार दीपक बाली भी मौजूद थे। उन्होंने भगत परिवार से मुलाकात कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का संदेश दिया।

श्री सिसोदिया ने कहा कि भगत चुन्नी लाल ने सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया तथा अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में आम लोगों के कल्याण के लिए कार्य किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में उनकी सेवाओं और योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

श्री मोहिंदर भगत ने श्री सिसोदिया के शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए आभार जताते हुए कहा कि उनके पिता का स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत रहे। उन्होंने कहा कि पिता के निधन से परिवार ने अपना मार्गदर्शक और मजबूत सहारा खो दिया है लेकिन उनके दिए संस्कार और जनसेवा की भावना परिवार को आगे भी प्रेरित करती रहेगी।

इस अवसर पर भगत परिवार के सदस्यों के अलावा आम आदमी पार्टी के कई नेता, विधायक, पदाधिकारी, पार्षद और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे तथा उन्होंने भी भगत चुन्नी लाल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित