भिवानी , जून 23 -- हरियाणा के भिवानी ढाणी लक्ष्मण गांव की लेडी टीचर मनीषा की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर परिवार ने 29 जून से प्रस्तावित अनशन के लिए जिला प्रशासन से अनुमति मांगी, लेकिन अनुमति नहीं मिली। इसके बावजूद परिवार ने तय तारीख पर अनशन शुरू करने का ऐलान किया है।
मनीषा के पिता संजय कुमार ने बताया कि वे परिवार और समाज के प्रतिनिधियों के साथ उपायुक्त (डीसी) से मिले थे और अनशन की अनुमति मांगी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया। संजय कुमार ने कहा कि अनुमति मिले या न मिले, परिवार 29 जून से अनशन पर जरूर बैठेगा।
हरियाणा बैरागी सभा के प्रदेश अध्यक्ष शिव कुमार बैरागी ने बताया कि उन्होंने उपायुक्त को मामले की पूरी जानकारी दी और अब तक की जांच प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच की स्थिति रिपोर्ट मांगी गयी थी। अदालत ने नौ जून की तारीख दी थी, लेकिन परिवार को जांच संबंधी संतोषजनक जानकारी नहीं मिली। अब अगली सुनवाई 14 अगस्त को निर्धारित की गयी है।
बैरागी ने कहा कि न्याय मिलने में हो रही देरी को देखते हुए कन्नी पंचायत ने फैसला लिया था कि यदि मामले का जल्द खुलासा नहीं होता तो परिवार अनशन पर बैठेगा। उन्होंने बताया कि डीसी ने नियमों और कानूनी प्रावधानों का हवाला देते हुए अनुमति देने से मना कर दिया, लेकिन परिवार और समाज के लोग अपने फैसले पर कायम हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी एकमात्र मांग मनीषा को न्याय दिलाने की है। यदि जांच में और समय लगना है तो अब तक जुटाये गये सबूतों और जांच की प्रगति को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
मनीषा के पिता संजय कुमार ने दोहराया कि परिवार का फैसला अंतिम है और 29 जून से अनशन शुरू किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित