चंडीगढ़ , सितंबर 27 -- चंडीगढ़ सांसद मनीष तिवारी ने रविवार को मनीमाजरा स्थित मेन बाजार की गंगा देवी धर्मशाला में बीएलए की बैठक में हिस्सा लिया।

बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों तथा जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर चर्चा की गई।

श्री तिवारी ने कहा कि जमीनी स्तर पर समन्वय मजबूत करने, स्थानीय मुद्दों को समझने और संगठनात्मक प्रयासों को लोगों की चिंताओं से जोड़ने के लिए ऐसी बैठकें महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सामूहिक भागीदारी, अनुशासित संगठन और आपसी एकता पर जोर दिया। बैठक में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा के साथ जमीनी स्तर पर काम करने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में एचएस लक्की, प्रदीप गौतम पंडित, पूर्व मेयर सुरिंदर सिंह, इमरान मंसूरी और संजीव गाबा सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इसके अलावा तिवारी ने गांव रायपुर कलां में सांसद कोटे से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को लोगों को समर्पित किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को पार्टीबाजी से ऊपर उठकर किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के अध्यक्ष विजयपाल सिंह, चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की, चंद्र मुखी शर्मा सहित कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित