धार , सितंबर 30 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के मनावर तहसील के ग्राम बाकानेर स्थित धनखेड़ी फाटे पर पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 40 लाख 44 हजार 240 रुपये कीमत की 1230 पेटी बीयर जब्त की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल आयशर वाहन को भी जब्त कर चालक और वाहन मालिक को आरोपी बनाया है। शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 55 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार धनखेड़ी फाटे पर एक आयशर वाहन संदिग्ध दिखाई देने की सूचना मिलने पर बाकानेर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन में सवार दो युवकों से शराब परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस वाहन को बाकानेर चौकी लेकर पहुंची और उसकी जांच की। तिरपाल हटाकर जांच करने पर वाहन में बड़ी संख्या में बीयर की पेटियां मिलीं।
पुलिस ने आयशर वाहन क्रमांक जीजे06 बीटी4066 से 1230 पेटी/कार्टून बीयर जब्त की। इसमें कुल 14,760 बल्क लीटर शराब बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 40 लाख 44 हजार 240 रुपये है। करीब 15 लाख रुपये कीमत का वाहन भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के नेतृत्व और एसडीओपी दीपांशु के मार्गदर्शन में मनावर थाना प्रभारी राजेश यादव तथा बाकानेर चौकी प्रभारी मनोज पाटीदार की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में शराब और वाहन जब्त किया।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक योगेश पिता श्रवण योगी (22), निवासी बिल्लोद, थाना बेटमा, अवैध शराब का परिवहन करते पाया गया। मामले में वाहन मालिक राजेन्द्रसिंह पिता गणेशसिंह बैस, निवासी इंदौर को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने चालक योगेश योगी और वाहन मालिक के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 36 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
चौकी प्रभारी मनोज पाटीदार ने बताया कि पुलिस यह पता लगा रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में बीयर कहां ले जाई जा रही थी। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि सिंडीकेट से जुड़े लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित