बारां , अगस्त 20 -- राजस्थान में बारां जिला कांग्रेस कार्यालय पर पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनायी गयी।
इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने दिवंगत राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता के रूप में सदैव याद किये जाएंगे। उन्होंने देश में सूचना एवं प्रौद्योगिकी, संचार, पंचायतीराज एवं युवाओं को आगे बढ़ाने के क्षेत्र में दूरगामी कार्य किए। भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा और उसे साकार करने की मजबूत नींव रखी।
पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल ने कहा कि राजीव गांधी ने युवा शक्ति को देश की प्रगति का आधार माना और लोकतंत्र को गांव-गांव तक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। वर्तमान में देश में सूचना क्रांति और तकनीकी विकास के रूप में जो बदलाव दिखाई दे रहे हैं, उनमें राजीव गांधी की दूरदृष्टि की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
कार्यक्रम में कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन, विजय प्रताप सिंह प्रभारी युवक कांग्रेस जिला बारां, प्रदेश महासचिव सेवादल अशरफ देशवाली, सेवादल जिलाध्यक्ष शिवशंकर यादव, नगर अध्यक्ष बारां प्रशान्त भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित