हरिद्वार , जुलाई 06 -- उत्तराखंड में हरिद्वार स्थित प्रसिद्ध मां मनसा देवी मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से मंदिर ट्रस्ट ने कई अहम फैसले लिए हैं। अब मंदिर में ड्यूटी करने वाले सभी पुजारी बिना जेब वाले कुर्ते पहनकर ही सेवा देंगे। इसके अलावा चढ़ावे, साफ-सफाई और मंदिर की व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए सात सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। समिति के सदस्यों को शपथ भी दिलाई गई है।
सोमवार को मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रवींद्र पुरी ने नई व्यवस्था की घोषणा करते हुए कहा कि कोई भी पुजारी मंदिर में चढ़ावे की राशि अपनी जेब में नहीं रख सकेगा। यदि कोई ऐसा करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगले दो-तीन दिनों में सभी पुजारियों के लिए बिना जेब वाली नई यूनिफॉर्म तैयार कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि आगामी कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाया जा रहा है। नवगठित समिति चढ़ावे की निगरानी के साथ-साथ साफ-सफाई, अनुशासन और अन्य व्यवस्थाओं पर भी नजर रखेगी।
ट्रस्ट अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि मंदिर में दोबारा चढ़ाए गए नारियल, फूल अथवा किसी भी प्रकार का रीसायकल प्रसाद स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंदिर की पवित्रता और श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित