बैतूल , अगस्त 01 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर विकासखंड की ग्राम पंचायत वडाली में मनरेगा भुगतान को लेकर विवाद गहरा गया है। एक ग्रामीण ने ग्राम रोजगार सहायक पर भुगतान रोकने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस अधीक्षक को शनिवार को दिये गये आवेदन में शिकायतकर्ता राजू धोटे ने बताया कि उन्होंने ग्राम पंचायत वडाली में मनरेगा योजना के तहत ग्राम रोजगार सहायक धर्मेंद्र साहू की अनुमति से सामग्री परिवहन, ढुलाई और खुदाई का कार्य किया था। उनका आरोप है कि किए गए कार्य की शेष भुगतान राशि के संबंध में जानकारी लेने के लिए 27 जुलाई को वह पंचायत कार्यालय पहुंचे थे।

शिकायत के अनुसार, इस दौरान ग्राम रोजगार सहायक ने यह कहते हुए भुगतान करने से इनकार कर दिया कि सामग्री ढुलाई से संबंधित बिल कंप्यूटर से डिलीट हो गया है। आरोप है कि भुगतान की बात करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और धक्का-मुक्की की गई।

पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि आठनेर से जितेंद्र साहू सहित अन्य लोगों को बुलाया गया, जिन्होंने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के दौरान पंचायत कार्यालय में रखे कंप्यूटर, प्रिंटर, लैपटॉप, माउस सहित अन्य शासकीय सामग्री में तोड़फोड़ की गई तथा जन्म-मृत्यु रजिस्टर और मस्टर रोल जैसे दस्तावेज भी फाड़ दिए गए। उनका आरोप है कि बाद में इस पूरी घटना का झूठा आरोप उन पर लगाया गया।

राजू धोटे ने आवेदन में यह भी दावा किया है कि पंचायत की कुछ शासकीय सामग्री ग्राम रोजगार सहायक के घर पर रखी हुई है और पंचायत कार्यालय में कंप्यूटर उपलब्ध नहीं है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस की ओर से शिकायत मिलने की पुष्टि तो हुई है लेकिन मामले में जांच के बाद ही आरोपों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित