अलवर , जनवरी 11 -- राजस्थान में अलवर में मनरेगा योजना का नाम बदलने और नियमों में बदलाव किए जाने के विरोध में अलवर नगर निगम के बाहर अलवर कांग्रेसजनों ने रविवार को धरना दिया।
निगम गेट के पास कांग्रेस जिला अध्यक्ष सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी धरने पर बैठे। धरना स्थल पर मौजूद कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रकाश गंगावत ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना को धीरे-धीरे खत्म करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना कांग्रेस सरकार की ओर से महात्मा गांधी के नाम पर शुरू की गई थी, जिसमें गरीबों और बेरोजगारों को रोजगार की गारंटी दी गई थी। अब नाम बदलकर और नियमों में बदलाव करके इस योजना को कमजोर किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है।
श्री गंगावत ने कहा कि यह आंदोलन केवल धरने तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में नई रणनीति के तहत पंचायत स्तर और गांव-गांव चौपाल लगाकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जॉब कार्ड धारकों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा और जनता को बताया जाएगा कि किस तरह मनरेगा योजना ने बेरोजगारों को रोजगार की गारंटी दी थी। कांग्रेस ने इस आंदोलन को "मनरेगा बचाओ संग्राम" का नाम दिया है और चेतावनी दी है कि जब तक केंद्र सरकार अपना फैसला वापस नहीं लेती, तब तक विरोध जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित