खन्ना , जुलाई 16 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंद ने गुरुवार को कहा है कि मनरेगा कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान सहानुभूतिपूर्वक और संवैधानिक तरीके से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने और उनका उचित समाधान करने के निर्देश दिये हैं।
बुधवार देर रात श्री सोंद ने खन्ना के सिविल अस्पताल पहुंचकर घायल मनरेगा कर्मचारी सौदागर सिंह और डीएसपी विनोद कुमार का हालचाल जाना। उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनिंदर सिंह भसीन को दोनों का बेहतर और निशुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इस दौरान सिविल एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी तथा मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में श्री सोंद ने कहा कि पिछले करीब 20 दिनों से मनरेगा कर्मचारियों के साथ लगातार बैठकें और बातचीत चल रही है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा स्थिति केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना को बंद कर नयी योजना लागू करने के फैसले के कारण बनी है। उन्होंने कहा कि वर्षों से इस योजना के तहत काम कर रहे कर्मचारियों को नयी व्यवस्था में उचित अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मनरेगा कर्मचारी नयी योजना के तहत काम करने के लिए तैयार हैं, बशर्ते उनकी वास्तविक मांगों को स्वीकार किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर पंजाब सरकार और कर्मचारियों के बीच कोई टकराव नहीं है तथा सरकार संवाद के माध्यम से समाधान चाहती है। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ में बैठकें समाप्त करने के बाद वे सीधे खन्ना पहुंचे और मनरेगा कर्मचारियों के साथ करीब एक घंटे तक चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों की जायज मांगों पर लिखित आश्वासन देने और उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिये।
इस अवसर पर मनरेगा कर्मचारी यूनियन पंजाब के संरक्षक वरिंदर सिंह ने कहा कि कर्मचारी पिछले 18 वर्षों से योजना के तहत सेवाएं दे रहे हैं और उनकी मुख्य मांग रोजगार की निरंतरता सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को कर्मचारियों की वास्तविक मांगों को लिखित रूप में लेकर उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिये हैं। यूनियन ने सरकार की ओर से दिये गये आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया।
इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) खन्ना डॉ. दर्पण अहलूवालिया, एसडीएम स्वाति तिवाना, एसएमओ डॉ. मनिंदर सिंह भसीन, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और मनरेगा कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित