मुरैना , अगस्त 02 -- मध्य प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर द्वारा शनिवार को मुरैना में कुशवाह समाज के एक कार्यक्रम में दिए गए बयान कि कुशवाह समाज "इधर-उधर गुलाटी मारता है जिससे उसकी विश्वसनीयता खंडित हुई है का वीडियो शोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने बाद श्री तोमर के बयान की समाज और राजनीतिक नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई। पूर्व विधायक सोनेराम कुशवाह ने पलटवार किया है, जबकि स्थानीय भाजपा नेताओं ने इसे कार्यकर्ता-विशेष का बताकर बचाव किया। पूर्व विधायक सोनाराम कुशवाह ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि समाज के कुछ व्यक्ति दलगत हो सकते हैं, लेकिन पूरा समाज नहीं, समाज को भाजपा के किसी भी प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं है।

अखंड भारत महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रामसिया कुशवाह ने इस टिप्पणी को समाज के स्वाभिमान और सम्मान पर सीधा प्रहार बताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की। उधर मुरैना के भाजपा के जिलाध्यक्ष कमलेश कुशवाह ने विवाद बढ़ता देख विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर के बयान पर सफाई दी है कि श्री तोमर का आशय सम्पूर्ण कुशवाह समाज से नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर कार्यकर्ताओं की निष्ठा और राजनीतिक अनुशासन से था। सोशल मीडिया व स्थानीय स्तर पर समाज के युवाओं और संगठनों ने इसे आत्मसम्मान का प्रश्न बनाया और लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर जवाब देने का आह्वान किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित