आगर मालवा , जुलाई 25 -- मध्य प्रदेश के अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री एवं आगर मालवा जिले के प्रभारी नागर सिंह चौहान ने शनिवार को आगर मालवा, सुसनेर एवं नलखेड़ा में 111.40 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सर्वसुविधायुक्त तीन सांदीपनि विद्यालय भवनों का रिमोट का बटन दबाकर लोकार्पण किया और कहा कि प्रदेश सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
श्री चौहान ने कहा कि राज्य में आज 14 हजार करोड़ रुपये की लागत से 370 सांदीपनि विद्यालय भवनों का लोकार्पण किया जा रहा है तथा राज्य में 200 नए सांदीपनि विद्यालय भी बनाए जाएंगे। उन्होंने विद्यालयों का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और इन्हें भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का मजबूत आधार स्तंभ बताया। इस अवसर पर गत बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं रचना, खुशी, संजना, रानी तथा शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों, संस्था प्रमुखों और शिक्षकों को शॉल, श्रीफल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कलेक्टर प्रीति यादव ने उनका स्वागत किया। सुश्री अंकिता राय, जिला शिक्षा अधिकारी नितेश पांडे, लोक निर्माण विभाग के ज्ञानदीप तथा सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य करणसिंह यादव ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक माधवसिंह गेहलोत ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नए कदम उठा रही है। उन्होंने प्रभारी मंत्री से आगर मालवा में नवीन मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति के लिए प्रस्ताव मंत्रिमंडल में रखने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के प्रतिभाशाली 45 विद्यार्थियों को भोपाल ले जाकर मुख्यमंत्री से भेंट कराई गई है तथा आगामी बोर्ड परीक्षा में 99 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी मुख्यमंत्री से भेंट एवं चर्चा के लिए भोपाल ले जाया जाएगा।
इस अवसर पर विधायक माधवसिंह गेहलोत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मुन्नाबाई भैरूसिंह चौहान, कलेक्टर श्रीमती प्रीति यादव, नगर पालिका अध्यक्ष निलेश जैन पटेल, पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, जिला अध्यक्ष ओम मालवीय सहित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ बी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविंद्र बोयत सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, नागरिक, अभिभावक, शिक्षक, पत्रकार तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित