नयी दिल्ली , अगस्त 19 -- मध्य प्रदेश में रेलवे सम्पर्क को मजबूती प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के तहत कैलारस-सबलगढ़-वीरपुर नवनिर्मित ब्रॉडगेज रेलखंड का उद्घाटन किया गया, जिससे मुरैना जिले की बामोर, जौड़ा, कैलारस और सबलगढ़ तहसीलों तथा शिवपुर जिले की बीरपुर, शिवपुर और कराहल तहसीलों के 100 से अधिक गांवों के लोग लाभांवित होंगे।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को आभासी माध्यम से इस रेलखंड का उद्घाटन किया।

छप्पन किलोमीटर लंबे इस रेलखंड के उद्घाटन के कार्यक्रम में संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।

इस रेलखंड के शुरू होने से बीरपुर, विजयपुर और सबलगढ़ के लोगों को ग्वालियर से सीधा रेल संपर्क की सुविधा मिलेगी। इससे ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में अधिक किफायती और सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध होंगे। इससे ग्वालियर में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और रोजगार के अवसरों तक पहुंच में सुधार होगा। साथ ही क्षेत्र में स्थानीय व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

श्री वैष्णव ने इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों से यह परियोजना साकार हो सकी है। उन्होंने कहा कि इस गेज परिवर्तन से मुरैना जिले की बामोर, जौड़ा, कैलारस और सबलगढ़ तहसीलों तथा शिवपुर जिले की बीरपुर, शिवपुर और कराहल तहसीलों के 100 से अधिक गांवों के लोग लाभांवित होंगे।

रेल मंत्री ने बताया कि रेल संपर्क को आगे श्योपुर कलां और अंततः कोटा तक बढ़ाया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र प्रमुख शैक्षणिक और औद्योगिक केंद्रों से जुड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को प्राथमिकता दी गयी है और 117 किलोमीटर लंबे बिरलानगर-बीरपुर खंड पर काम हाल के वर्षों में तेजी से आगे बढ़ा है।

उन्होंने बताया कि बीरपुर से सेरोनी रोड (37 किमी) और सेरोनी रोड से श्योपुर कलां (33 किमी) तक के अगले खंड का काम लगभग पूरा हो चुका है। वहीं, ग्वालियर-श्योपुर कलां रेलवे लाइन अगले कुछ महीनों में तैयार हो जाएगी और यात्रियों के लिए उपलब्ध हो जाएगी। श्री वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना कई महत्वपूर्ण स्टेशनों को आपस में जोड़ेगी और मध्य प्रदेश में रेल अवसंरचना के विकास में योगदान देगी।

उन्होंने बताया मध्य प्रदेश के लिए रेल बजट वर्ष 2009-14 के 632 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2026-27 में 15,188 करोड़ रुपये हो गया है, जो लगभग 24 गुना की वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में लगभग 1.55 लाख करोड़ रुपये की रेल परियोजनाएं वर्तमान में चल रही हैं। राज्य में 80 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, राज्य को आपस में जोड़ने वाली पांच वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं और सात अमृत भारत ट्रेनें शुरू की जा रही हैं।

श्री वैष्णव ने कहा कि मध्य प्रदेश में कई नयी परियोजनाएं शुरू की गयी हैं, जिनमें मनमाड-इंदौर नई लाइन और राज्य भर में कई तीसरी और चौथी लाइन की परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के तीसरे कार्यकाल के दौरान मध्य प्रदेश से संबंधित स्वीकृत परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 64,512 करोड़ रुपये है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक रेलवे में 5.54 लाख से अधिक कर्मचारियों की भर्ती की गयी है। उन्होंने कहा कि रेलवे का विद्युतीकरण और आधुनिकीकरण सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं, विद्युतीकरण से भारतीय रेलवे की डीजल पर निर्भरता कम हुई है और आयातित ईंधन पर होने वाला खर्च भी कम हुआ है।

श्री सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है उन्होंने कैलारस से बीरपुर तक रेलवे लाइन के विस्तार को इस क्षेत्र के लिए एक नयी शुरुआत बताया और कहा कि यह यात्रा, ग्वालियर, बामोर, सुमाओली, जौरा और कैलारस से बीरपुर तक विस्तारित हो रही है और आगे इसका विस्तार श्योपुर और अंततः कोटा तक किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन केवल परिवहन का साधन नहीं है, बल्कि इससे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और अन्य आधुनिक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम होगी। उन्होंने कहा कि बीरपुर तक विस्तार से कैलारस, सबलगढ़, रामपहाड़ी, विजयपुर और बीरपुर के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि कैलारस खंड वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 10,000 लोगों को परिवहन सुविधा प्रदान करता है, लेकिन विस्तार से रेलवे की पहुंच और बढ़ेगी और अधिक आबादी को लाभ होगा।

डॉ यादव ने कहा कि इंदौर-मनमाड नयी लाइन सहित मध्य प्रदेश में रेलवे नेटवर्क के विस्तार से नये मार्ग खुलेंगे और ग्वालियर-चंबल क्षेत्र तथा मालवा के बीच संपर्क मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से एक नये औद्योगिक क्षेत्र का विकास होगा और पर्यटन तथा अन्य आर्थिक गतिविधियों का लाभ मिलेगा।

उन्होंने उद्योगों और रोजगार के विकास के लिए रेल संपर्क की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने बैटरी ऊर्जा भंडारण, जूते, हाइड्रोजन और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की क्षमता को उजागर करते हुए कहा कि बेहतर रेल संपर्क से इन उभरते क्षेत्रों को बढ़ावा मिलेगा।

डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ग्वालियर से शिवपुरी और श्योपुर की ओर रेल संपर्क का विस्तार ग्वालियर और आसपास के क्षेत्र के विकास को एक नया आयाम देगा । उन्होंने कहा कि राज्य भर में चल रहे रेलवे लाइनों के दोहरीकरण, तिहरीकरण और चौगुनीकरण के कार्य से संपर्क और मजबूत होगा। इस अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और मुरैना से सांसद शिवमंगल सिंह तोमर और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित