भोपाल , जनवरी 28 -- मध्य प्रदेश में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने क्षेत्रान्तर्गत आने वाले भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर एवं चंबल संभाग के 16 जिलों में प्रधानमंत्री सूर्य घर (पीएम सूर्यघर) योजना के तहत अब तक कुल 29,273 उपभोक्ता पंजीकृत किये हैं, जिनके खातों में 228 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सब्सिडी के रूप में जमा कराई जा चुकी है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कंपनी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा के दौरान रजिस्टर्ड उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस योजना में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन उपरांत विद्युत वितरण कंपनी में रजिस्टर्ड अधिकृत वेंडर से ही सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाएं। देश के करोड़ों घरों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पीएम सूर्य घर योजना प्रारंभ की गई है। लोगों को इस योजना का लाभ मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा प्रदान किया जा रहा है। इस योजना के तहत एक किलोवाट सोलर संयंत्र लगाने पर 30 हजार रुपये, दो किलोवाट सोलर संयंत्र लगाने पर 60 हजार रुपए तथा तीन किलोवॉट या उससे अधिक के सोलर संयंत्र स्थापना पर 78 हजार रुपए की सब्सिडी केन्द्र सरकार द्वारा दी जा रही है।
पीएम सूर्यघर योजना का शुभारंभ 13 फरवरी 2024 को हुआ था। तब से लेकर आज तक हजारों बिजली उपभोक्ताओं को योजना से जोड़ा गया है। योजना में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसके लिए पीएम सूर्य घर योजना की वेबसाइट पर जाकर आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा अधिक जानकारी के लिए कंपनी की वेबसाइट अथवा उपाय एप, व्हाट्सएप चैटबॉट व टोल फ्री नं, 1912 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित