नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- चुनाव आयोग ने डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक रिक्त सीट पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।

चुनाव आयोग की ओर से गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 26 अक्टूबर को जारी की जाएगी। उम्मीदवार दो नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच तीन नवंबर को होगी, जबकि उम्मीदवार पांच नवंबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।

आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, मतदान 12 नवंबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक होगा। मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 16 नवंबर से पहले संपन्न कर ली जाएगी।

गौरतलब है यह सीट डॉ. एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। उनका इस्तीफा 14 अक्टूबर से प्रभावी हुआ था। उनका कार्यकाल दो अप्रैल 2030 तक था और उपचुनाव में निर्वाचित होने वाले सदस्य का कार्यकाल भी इसी तारीख तक रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित