मुरैना , सितम्बर 05 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत परिवहन विभाग ने शनिवार को शासकीय जिला चिकित्सालय परिसर में एम्बुलेंस वाहनों की जांच की और तीन एम्बुलेंस को जब्त कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जांच के दौरान एम्बुलेंस वाहनों में प्राथमिक चिकित्सा पेटी, अग्निशमन यंत्र, वाहन का अनुबंध एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गयी। परिवहन विभाग की टीम द्वारा नौ से अधिक एम्बुलेंस वाहनों की जांच की गयी, जिनमें से तीन मोटरयान नियमों के विरुद्ध संचालित पाए गए, जिन्हें विभाद ने जब्त कर लिया। इसके अतिरिक्त दो एम्बुलेंस वाहनों पर चालान काटकर 4,000 रुपये का राजस्व वसूल किया।

इस अभियान में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी पी.एस. भिलाला के साथ प्रधान आरक्षक जितेन्द्र तोमर, प्रधान आरक्षक सुजीत भदौरिया, संतोष गुप्ता, शिवेन्द्र यादव, श्री कोमल सिंह, श्री अजय बाल्के सहित परिवहन विभाग के कार्यालयीन कर्मचारी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित