सरगुजा , मार्च 04 -- घरेलू इस्तेमाल के लिए नदी से रेत निकाल रहे एक युवक की कथित तौर पर मध्य प्रदेश के दो पुलिसकर्मियों द्वारा की गई हत्या के मामले ने छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने इस मामले में दोनों पुलिसकर्मियों और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक झा ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना एमसीबी जिले के केल्हारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पसौरी में बरने नदी के किनारे की है। मृतक की पहचान ग्राम पसौरी निवासी सोनू चक्रधारी के रूप में हुई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोनू चक्रधारी अपने घरेलू कामकाज के लिए नदी से रेत निकाल रहा था। उसी दौरान मध्य प्रदेश के शहडोल जिले के धरसिला चौकी में पदस्थ दो पुलिसकर्मी - नितिन शुक्ला और राजू प्रजापति - एक अन्य नागरिक के साथ वहां पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने सोनू पर अवैध रेत खनन का आरोप लगाते हुए उससे रिश्वत की मांग की। स्थानीय सरपंच के पति और अन्य ग्रामीणों ने जब इस मामले में हस्तक्षेप किया तो कुछ देर के लिए मामला शांत हो गया और समझौता हो गया।

आईजी झा ने बताया, "प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कुछ ही देर बाद आरोपियों ने ट्रैक्टर पर सवार सोनू का पीछा किया और उसके सिर पर किसी धारदार वस्तु से हमला कर दिया। इस गंभीर चोट के कारण सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।" घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि घटना के बाद इलाके के ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए और प्राथमिक विवेचना के आधार पर केल्हारी थाने में आरोपी पुलिसकर्मियों नितिन शुक्ला, राजू प्रजापति और एक अन्य नागरिक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शहडोल के आईजी और पुलिस अधीक्षक (एसपी) से बातचीत की गई है।

फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना अभी शेष है। एमसीबी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आईजी ने विश्वास दिलाया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित