रायपुर , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां तेज होने के बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कुछ स्थानों पर भारी बारिश तथा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया गया है। इस बीच जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी के तेज बहाव में बहे तीन कॉलेज छात्रों में से एक का शव करीब 18 घंटे बाद शनिवार को बरामद कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

नगर सैनिकों और गोताखोरों की टीम ने आज पवन लाल का शव नदी से बाहर निकाला। हादसे में लापता सचिन और मुरारी का अब तक पता नहीं चल सका है। दोनों की तलाश के लिए सुबह से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि, बिलासपुर के चौकसे कॉलेज के आठ छात्र-छात्राएं शुक्रवार को पिकनिक मनाने जांजगीर-चांपा जिले के देवरी गांव पहुंचे थे। हसदेव नदी के किनारे सेल्फी लेने के दौरान एक छात्र का पैर फिसलने से वह तेज बहाव में चला गया। उसे बचाने के लिए नदी में उतरे दो अन्य छात्र भी पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए थे जिसके बाद देर शाम से उन्हें खोजने का प्रयास किया जा रहा था ।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई है। बेलरगांव में सर्वाधिक 120 मिमी और नगरी में 110 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं और निचले क्षेत्रों तथा सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ है।

धमतरी जिले में भारी बारिश के बाद मुरुमसिल्ली बांध के सभी सायफन गेट खोल दिए गए हैं। पानी का बहाव बढ़ने से धमतरी-नरहरपुर मार्ग बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। कई अन्य स्थानों पर भी जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग के अनुसार सक्रिय मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से मध्य छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा मध्य क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। बारिश के दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का अलर्ट है। इसके बाद अगले दो दिनों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा कुछ स्थानों पर गरज-चमक की संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित