भोपाल , अगस्त 19 -- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने उपभोक्ता सेवाओं को अधिक सुदृढ़, सुगम और प्रभावी बनाने के लिए कई पहल की हैं। कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कॉल सेंटर सेवाओं का विस्तार किया गया है। अब 1912 के साथ 0755-4314165 पर भी बिजली संबंधी शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी।

उन्होंने बताया कि मैदानी स्तर पर शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए 47 नवीन एवं अतिरिक्त एफओसी (फ्यूज ऑफ कॉल) टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों का कार्य उपभोक्ता परिसर में विद्युत आपूर्ति से संबंधित फॉल्ट अथवा फ्यूज संबंधी शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुधार कार्य करना है।

इन 47 टीमों में 33 बाइक एफओसी और 14 कैंपर एफओसी टीमें शामिल हैं। इन्हें जिला एवं संभागीय मुख्यालयों के साथ तहसील मुख्यालयों तथा छोटे शहरों में भी स्वीकृत किया गया है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में विद्युत प्रदाय संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित होगा।

श्री गर्ग ने बताया कि विद्युत सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपभोक्ताओं को यूपीएवाई एप, कॉल सेंटर और एमपीसीजेड पोर्टल के माध्यम से विद्युत तार, पोल, उपकरण अथवा अन्य असुरक्षित विद्युत अधोसंरचना से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि इन पहलों से उपभोक्ताओं को त्वरित, सुगम और सुरक्षित विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित