तेल अवीव , जून 07 -- इजरायली पुलिस और आपातकालीन सेवाओं ने रविवार को बताया कि पश्चिम तट की सीमा के पास कोचाव याइर में एक गैस स्टेशन पर हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गयी और कई अन्य लोग घायल हो गये।

प्रशासन इस आशंका की जांच कर रहा है कि यह घटना आतंकवादी हमला हो सकती है।

इजरायली पुलिस के बयान के अनुसार, अधिकारियों को कोचाव याइर के एक गैस स्टेशन पर गोलीबारी की सूचना मिली थी। स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, मौके पर मौजूद चिकित्साकर्मियों ने शुरुआत में चार नागरिकों के घायल होने और उन्हें इलाज के लिए ले जाये जाने की जानकारी दी। इनमें से तीन की हालत सामान्य और एक की हालत गंभीर थी।

आपातकालीन सेवा के कर्मियों ने बाद में पुष्टि की कि घायल हुए लोगों में से एक ने गोली लगने के कारण दम तोड़ दिया। दो अन्य घायलों को आगे के इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हमले के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है।

पुलिस ने मामले की ताजा जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने उस वाहन का पता लगा लिया है, जिसका इस्तेमाल इस घटना में किये जाने की आशंका है। इसके साथ ही पुलिस ने गोलीबारी से जुड़े एक संदिग्ध को ढेर कर दिया है।

इजरायल के सार्वजनिक प्रसारक 'कान' ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि यह गोलीबारी कोचाव याइर स्थानीय परिषद के अधिकार क्षेत्र में आने वाली कई नजदीकी बस्तियों के आसपास के इलाकों को निशाना बनाकर किये गये हमलों का हिस्सा थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित