भोपाल , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश स्वर्णकार समाज कल्याण समिति के त्रिवार्षिक चुनाव में ओ.पी. सोनी भारी मतों से अध्यक्ष निर्वाचित हुए। चुनाव में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठजनों ने भाग लेकर मतदान किया।

चुनाव प्रक्रिया का शुभारंभ महाराजा अजमीढ़ जी के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के प्रतिनिधियों ने संगठन की गतिविधियों तथा समाजहित से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। इस दौरान अखिलेश सोनी, राजकुमार सोनी, सुरेश सोनी, रामस्वरूप सोनी, अजय सोनी, भैरुदा सोनी, माखनलाल सोनी तथा विदिशा के अरुण सोनी सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष ओ.पी. सोनी ने आगामी तीन वर्षों की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं की शिक्षा में समाज सहयोग करेगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जिले में ऐसे विद्यार्थियों की पहचान कर उनकी पढ़ाई जारी रखने की जिम्मेदारी समाज उठाने का प्रयास करेगा।

निर्वाचन अधिकारी पी.एन. स्वर्णकार, विनोद सोनी एवं तरुण सोनी ने मतगणना के बाद ओ.पी. सोनी के निर्वाचन की घोषणा की। कार्यक्रम का संचालन अरविंद सोनी (आकाशवाणी) एवं नंदू सोनी (सीहोर) ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जितेंद्र सोनी और मनीष सोनी ने व्यक्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित