भोपाल , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 32 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें 10 जिलों के जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), अपर कलेक्टर, एसडीओ (राजस्व) और अन्य पदों पर तैनात अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा ग्वालियर और सतना नगर निगम आयुक्त सहित विभिन्न पदों पर भी नई पदस्थापनाएं की गई हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में 2016 से 2024 बैच तक के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मैहर की अपर कलेक्टर संजना जैन को उप सचिव, जल संसाधन विभाग बनाया गया है। सिंगरौली जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे को सागर का सीईओ जिला पंचायत बनाया गया है। धार जिला पंचायत सीईओ अभिषेक चौधरी को नगर निगम ग्वालियर का आयुक्त तथा ग्वालियर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय को जिला पंचायत सिंगरौली का सीईओ बनाया गया है।

दतिया जिला पंचायत सीईओ अक्षय कुमार तेम्रवाल को अपर आयुक्त नगर निगम भोपाल, देवास जिला पंचायत सीईओ ज्योति शर्मा को उप सचिव तथा हरदा जिला पंचायत सीईओ अंजली जोसेफ जोनाथन को उप सचिव लोक निर्माण विभाग पदस्थ किया गया है। टीकमगढ़ जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे को जिला पंचायत देवास का सीईओ बनाया गया है।

वही 2019 से 2021 बैच के अधिकारियों में अपर कलेक्टर खंडवा सृष्टि देशमुख गौड़ा को जिला पंचायत रीवा का सीईओ, जिला पंचायत बड़वानी की सीईओ काजल जावला को अपर मिशन संचालक राज्य शिक्षा केंद्र और जिला पंचायत खंडवा के सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा को नगर निगम सतना का आयुक्त बनाया गया है। उन्हें सीईओ स्मार्ट सिटी सतना का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

जिला पंचायत बालाघाट के सीईओ अभिषेक सराफ को अपर आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास, सागर जिला पंचायत सीईओ विवेक के. व्ही को जबलपुर विकास प्राधिकरण का सीईओ तथा श्योपुर जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद को जिला पंचायत सीधी का सीईओ बनाया गया है।

जबकि 2022 बैच के अधिकारियों में ऐश्वर्य वर्मा को जिला पंचायत खंडवा, कार्तिकेय जायसवाल को जिला पंचायत श्योपुर, विशाल धाकड़ को जिला पंचायत टीकमगढ़, अर्पित गुप्ता को जिला पंचायत बड़वानी और तनुश्री मीणा को जिला पंचायत बालाघाट का सीईओ बनाया गया है। आशीष को अपर आयुक्त नगर निगम इंदौर तथा सोनाली देव को उप सचिव मध्यप्रदेश शासन पदस्थ किया गया है। श्रद्धा शुक्ला को अपर कलेक्टर खंडवा बनाया गया है।

तो वही 2024 बैच के नौ सहायक कलेक्टरों को विभिन्न जिलों में एसडीओ (राजस्व) की जिम्मेदारी दी गई है। इनमें आशीष कुमार को बीना, अनिकेत शांडिल्य को बैहर, आकाश अग्रवाल को मझौली, पाटिल आशीष अशोक को कुक्षी, सुशिर कृष्ण श्रीराम को देवसर, कुलदीप पटेल को बिछिया, जमादार फरहान इरफान को शाहपुरा, ठाकरे ऋषिकेश विजय को बिजावर और नवकिरण कौर को डबरा का एसडीओ (राजस्व) बनाया गया है।

राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों में सीईओ जिला पंचायत शाजापुर अनुपमा चौहान को अपर कलेक्टर हरदा, सीईओ जिला पंचायत सीधी शैलेंद्र सिंह को सीईओ जिला पंचायत छतरपुर, मेहताब सिंह गुर्जर को उप सचिव खनिज साधन विभाग तथा अपर संचालक जनसंपर्क गणेश कुमार जायसवाल को सीईओ जिला पंचायत बैतूल पदस्थ किया गया है।

स्थानांतरण के बाद खंडवा में पदस्थ रहे डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा और उनकी पत्नी सृष्टि देशमुख गौड़ा की नई पदस्थापना सतना और रीवा में हुई है। वहीं ग्वालियर नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय हाल ही में निगम की टेंडर शाखा से डिजिटल सिग्नेचर डोंगल गायब होने के मामले को लेकर पार्षदों के विरोध के बीच चर्चा में आए थे।

मुख्यमंत्री के मैहर दौरे के दो दिन बाद अपर कलेक्टर संजना जैन का तबादला किया गया है। वहीं मुख्यमंत्री के टीकमगढ़ दौरे के दिन जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे को देवास भेजा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित