भोपाल , सितंबर 25 -- मध्यप्रदेश में करीब 21 वर्ष बाद सार्वजनिक परिवहन बस सेवा को नए स्वरूप में शुरू किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शुक्रवार को भोपाल में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा का शुभारंभ कर 351 बसों को हरी झंडी दिखाई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव और श्री खण्डेलवाल ने टिकट लेकर बस में यात्रा की और भेल दशहरा मैदान से मुख्यमंत्री निवास पहुंचे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा से प्रदेशवासियों का सफर आसान होगा। इस सेवा के माध्यम से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बस कनेक्टिविटी मजबूत की जाएगी तथा प्रदेश की 75 प्रतिशत ग्राम पंचायतों तक परिवहन सेवा का विस्तार किया जाएगा। अगले पांच वर्षों में 3,500 से अधिक मार्गों पर 15 हजार से अधिक बसों का चरणबद्ध विस्तार प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि इंटरसिटी और इंटरस्टेट बस सेवा के माध्यम से नगरों, छोटे कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों तक आमजन के लिए आवागमन सुगम होगा। आधुनिक बस स्टॉप, बस टर्मिनल और निजी बस ऑपरेटरों के लिए बस डिपो विकसित किए जाएंगे। ऑनलाइन टिकटिंग के साथ ईवी और सीएनजी बसों को प्राथमिकता दी जाएगी। यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 24 घंटे कस्टमर केयर सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मध्यप्रदेश में 21 वर्ष बाद सार्वजनिक परिवहन बस सेवा पुन: शुरू हो रही है। उन्होंने कहा कि इस सेवा का लाभ प्रदेश के दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों तक भी पहुंचेगा।
उन्होंने बताया कि बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी, पैनिक बटन, इमरजेंसी डोर, जीपीएस मॉनिटरिंग, ऑनलाइन टिकटिंग और शिकायत समाधान सहित विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं। बस चालकों के प्रशिक्षण और सुरक्षा प्रबंधन की भी व्यवस्था की गई है। वर्ष 2029 तक सभी मार्गों पर बस सेवा के विस्तार का लक्ष्य रखा गया है।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले एक वर्ष में 85 हजार से अधिक शासकीय पदों पर भर्ती की गई है। पुलिस विभाग में 18 हजार पदों तथा शिक्षक और असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि चालू वर्ष में एक लाख शासकीय पदों पर भर्ती की जाएगी।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा की शुरुआत मध्यप्रदेश में सार्वजनिक परिवहन को नई दिशा देने की पहल है। उन्होंने कहा कि इसका लाभ गरीब और जरूरतमंद लोगों को मिलेगा। मध्यप्रदेश सरकार ने नवाचार के साथ सार्वजनिक परिवहन को दोबारा शुरू किया है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश को 972 पीएम ई-बसें मिली हैं। उन्होंने प्रदेश में 25 हजार इलेक्ट्रिक वातानुकूलित बसें चलाने की आवश्यकता बताई। श्री गडकरी ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से पेट्रोल-डीजल की खपत और खर्च कम होगा। देश में वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देने तथा प्रदूषण कम करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
श्री गडकरी ने बताया कि मध्यप्रदेश में वाहन स्क्रैपिंग सेंटर और ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कैब एग्रीगेटर्स से जुड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों को दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखकर डिजाइन किए जाने की जानकारी भी दी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की शुरुआत ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने विकास से आम जनता को जोड़ने का जो सपना देखा था, यह परिवहन सेवा उसी परिकल्पना को आगे बढ़ाती है। उन्होंने कहा कि सेवा से गरीब, युवा, विद्यार्थी, मजदूर, किसान और महिलाओं सहित सभी वर्गों को सुगम परिवहन सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि करीब 21 वर्ष बाद आम जनता की जरूरतों और हितों को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक परिवहन सेवा पुन: शुरू की गई है। निजी बस संचालकों को भी इस सेवा से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि परिवहन सेवा से गांवों को शहरों और बड़े शहरों से बस सेवा के माध्यम से जोड़ने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम को प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह और राव उदय प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री चैतन्य काश्यप, विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, भगवानदास सबनानी और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित